जेल कर्मियों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश, आत्महत्या रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाने पर जोर
निर्धन विचाराधीन बंदियों को मिलेगी विधिक सहायता, समयपूर्व रिहाई के लंबित मामलों का होगा निस्तारण
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
प्रदेश की जेलों में बंदियों की सुरक्षा, उनके मानसिक स्वास्थ्य और जेलों की व्यवस्थाओं को लेकर महानिदेशक कारागार (डीजी जेल) पीसी मीना ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जेल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को जेलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ बंदियों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
डीजी जेल ने नव चयनित जेल वार्डरों की नियुक्ति प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कराने पर जोर दिया। साथ ही सभी जेल कर्मियों का iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर अनिवार्य प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेलों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षित और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
बैठक में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को विशेष प्राथमिकता दी गई। डीजी जेल ने निर्देश दिया कि बंदियों की नियमित काउंसलिंग कराई जाए और उनकी मानसिक स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। बंदियों में आत्महत्या की घटनाओं की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने निर्धन विचाराधीन बंदियों को जमानत और आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी पात्र बंदी को अनावश्यक रूप से जेल में न रहना पड़े। इसके अलावा समयपूर्व रिहाई से संबंधित लंबित मामलों का सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीजी जेल पीसी मीना ने स्पष्ट किया कि जेलों में सुरक्षा, अनुशासन और मानवीय संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।




