आदि गंगा गोमती के तट पर सजेगा देव दीपावली का भव्य दीपोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद
राष्ट्रीय संतों का होगा समागम, अवधी साहित्य, संत परंपरा और सामाजिक समरसता पर होगी राष्ट्रीय परिचर्चा
राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर के कादीपुर के अघोरीपीठ बाबा सत्यनाथ मठ अल्देमऊ नूरपुर में 23 से 25 नवंबर तक तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत देव दीपावली दीपोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान, राष्ट्रीय संगोष्ठी, संत समागम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित होगी। आदि गंगा गोमती के पावन तट पर होने वाले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव को सकुशल और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए मठ परिसर में तैयारी बैठक आयोजित की गई।
मठ के पीठाधीश्वर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विषयों पर विद्वानों एवं संतों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 23 नवंबर को पूजन-अर्चन, हवन, भजन, विराट भोग यात्रा और महिला समूहों द्वारा पारंपरिक देवी गीतों के गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दिन ‘अवधी साहित्य में सामाजिक समरसता’ और ‘भगवान शंकर : विभिन्न संस्कृतियों के पोषक एवं संरक्षक’ विषयों पर राष्ट्रीय परिचर्चा होगी। शाम को बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती और लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
महोत्सव के दूसरे दिन 24 नवंबर को ‘उत्तर प्रदेश की संत परंपरा का राष्ट्रीय चेतना में योगदान’ विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा आयोजित होगी। इसके साथ ही ‘दलित चेतना के धार्मिक प्रतिनिधि : काका हाथरसी’ विषय पर चर्चा होगी। देव दीपावली के अवसर पर गोमती तट पर भव्य दीपोत्सव आकर्षण का केंद्र रहेगा। शाम को महाआरती के बाद निर्गुण सम्राट मदन राय, लोकगायक राजन तिवारी सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
25 नवंबर को समापन दिवस पर महिला समूहों द्वारा उपशास्त्रीय एवं लोक परंपरा के देवी गीतों का गायन होगा। ‘नाथ पंथ (अघोर परंपरा) में राष्ट्रीय एकता के सूत्र’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘शिव विवाह का अंतर्निहित सामाजिक संदेश’ विषय पर परिचर्चा, संतों के धार्मिक उद्बोधन, बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती, विभूतियों का सम्मान और समापन समारोह होगा। काशी के भजन गायक पुनीत कृष्ण जेटली (पागल बाबा) सहित अन्य कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों ने बताया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीनों दिन सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा। महोत्सव में डॉ. देवाचार्य महाराज (जगन्नाथपुरी धाम), आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज (पशुपति अखाड़ा, नेपाल), रामप्रपन्नाचार्य जी मौनी स्वामी (नैनीताल), महंत राधेश्यामपुरी महाराज (महाकाल मंदिर, उज्जैन) और डॉ. मदनमोहन मिश्र (मानस कोविद, वाराणसी) सहित अनेक संत-महात्मा धार्मिक उद्बोधन देंगे।
तैयारी बैठक में प्रभु राज सिंह, अजय बहादुर सिंह, बृजेश सिंह (प्रधान नूरपुर), गुड्डू सिंह, देवी प्रसाद सिंह, वेद पाठक, विजय गिरी, प्रभाकर सिंह, ई. आरपी सिंह, राकेश यादव, अरविंद सिंह, पंकज सिंह, सुमित सिंह टिंकू, नागेंद्र तिवारी, शिवम दुबे जाली, काजल और पंडित नीरज मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




