बैंकों की लापरवाही पर डीएम सख्त, जिम्मेदारी तय कर होगी कार्रवाई
मॉडल सोलर विलेज बनाने पर जोर, वेण्डर स्तर पर भी 245 आवेदनों का इंस्टॉलेशन लंबित
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बैंक और विद्युत विभाग के स्तर पर लंबित आवेदनों का सात दिनों के भीतर निस्तारण करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में डीएम ने योजना के तहत कार्य कर रहे सभी वेण्डरों से एक-एक कर संवाद किया और बैंक, विद्युत विभाग सहित अन्य स्तरों पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यूपीनेडा की ओर से बताया गया कि बैंक स्तर पर कुल 722 आवेदन लंबित हैं। इस पर सीडीओ ने बैंक प्रतिनिधियों को वेण्डरों के साथ अपने मोबाइल नंबर साझा करने के निर्देश दिए, ताकि आवेदन निस्तारण में आने वाली समस्याओं का सीधे समाधान हो सके। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को सात दिनों के भीतर लंबित आवेदनों की संख्या में प्रभावी कमी लाने को कहा। इसका उद्देश्य योजना की गति बढ़ाने के साथ जनपद की रैंकिंग में सुधार करना भी है।
बैठक में कुछ बैंकों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और आगामी बैठक में सभी संबंधित बैंकों की मौजूदगी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समीक्षा में ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सबसे अधिक आवेदन लंबित पाए गए। इन बैंकों के प्रतिनिधियों को प्राथमिकता के आधार पर आवेदनों का निस्तारण करने को कहा गया।
वहीं, वेण्डर स्तर पर भी 245 आवेदनों का इंस्टॉलेशन लंबित मिला। सीडीओ ने संबंधित वेण्डरों को तत्काल कार्रवाई कर सोलर संयंत्रों की स्थापना पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके।
डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर संयंत्रों की स्थापना को प्राथमिकता देने और मॉडल सोलर विलेज परियोजना को गति देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक गांवों को मॉडल सोलर विलेज बनाने के प्रयास किए जाएं और पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। सौर ऊर्जा के अधिक उपयोग से बिजली विभाग पर निर्भरता और विद्युत लोड कम होगा। इससे गर्मियों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों में भी कमी आएगी। उन्होंने सभी विभागों, बैंक प्रतिनिधियों और वेण्डरों को आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।




