MLFF सिस्टम में बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे सैन्यकर्मी, गलत टोल कटने और ई-चालान की समस्या होगी दूर
वित्त वर्ष 2028 तक 1,150 टोल प्लाजा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य, सेवारत सैनिकों को ही मिलेगा लाभ
नई दिल्ली/Etv News 24/ संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के अनुसार देश के सेवारत सैन्यकर्मियों को उनकी निजी गाड़ियों पर टोल टैक्स से छूट देने के लिए केंद्र सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत करीब 14 लाख सैन्यकर्मियों को विशेष FASTag सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद जवानों को टोल प्लाजा पर रुककर पहचान पत्र दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी गाड़ियां बिना किसी बाधा के टोल प्लाजा पार कर सकेंगी।
दरअसल, देश में तेजी से आधुनिक मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल सिस्टम लागू किया जा रहा है। इस तकनीक में वाहन बिना रुके टोल प्लाजा से गुजरते हैं और ऊपर लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे तथा रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) रीडर के माध्यम से वाहनों की पहचान होती है।
इसके बाद FASTag से स्वतः टोल शुल्क काट लिया जाता है। मौजूदा व्यवस्था में सैन्यकर्मी टोल प्लाजा पर अपना पहचान पत्र दिखाकर शुल्क माफी प्राप्त कर लेते हैं, लेकिन नई तकनीक में रुकने और पहचान पत्र दिखाने का विकल्प नहीं होने से कई जवानों की निजी गाड़ियों पर गलत तरीके से टोल कटने और ई-चालान जारी होने की शिकायतें सामने आई हैं।
इस समस्या के समाधान के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के बीच बातचीत चल रही है। प्रस्ताव के तहत दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहले विकल्प में विशेष FASTag जारी किया जाएगा, जिसे सैन्यकर्मी के वाहन नंबर और सत्यापित डिजिटल डेटाबेस से जोड़ा जाएगा। कैमरे और सेंसर वाहन की पहचान तो करेंगे, लेकिन उसके खाते से टोल शुल्क नहीं काटा जाएगा। दूसरे विकल्प में सामान्य FASTag के साथ सालाना पास की सुविधा दी जा सकती है। इसके लिए निर्धारित 3,075 रुपये का खर्च बाद में रक्षा मंत्रालय की ओर से वापस किए जाने का प्रस्ताव है।
सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028 के अंत तक देश के करीब 1,150 टोल प्लाजा को MLFF तकनीक से जोड़ने का है। फिलहाल देश में 10 से भी कम टोल प्लाजा पर यह व्यवस्था संचालित है। नई तकनीक के विस्तार के साथ सैन्यकर्मियों को होने वाली परेशानियों को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि इंडियन टोल्स (आर्मी एंड एयर फोर्स) एक्ट, 1901 के तहत सेवारत सेना और वायुसेना के पात्र जवानों को टोल शुल्क से छूट का प्रावधान पहले से मौजूद है। सुप्रीम कोर्ट भी इस कानूनी व्यवस्था को सही ठहरा चुका है। हालांकि, प्रस्तावित नई FASTag सुविधा फिलहाल सेवारत सैन्यकर्मियों के लिए ही है। पूर्व सैनिकों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), जैसे बीएसएफ, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवानों को इसमें शामिल करने पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। इस संबंध में फैसला गृह मंत्रालय के स्तर पर लिया जाना है।




