दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम, अस्पताल में महिला की गई जान
पांच घायल जिला अस्पताल में भर्ती, पिकअप चालक हिरासत में
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ के बाराबंकी के फतेहपुर-देवा मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से आ रही पिकअप और ई-ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-ऑटो में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-ऑटो में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में मदद की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में भर्ती महिला की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में शामिल पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।




