माय भारत के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मिली अहम जिम्मेदारी, युवाओं की प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को परखा
सामाजिक कार्यों, नवाचार और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों को दिए अंक
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
माय भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुल्तानपुर के युवा एवं नेशनल यूथ वालंटियर (NYV) योगेश शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाकर जिले का गौरव बढ़ाया। उन्हें चार जनपदों के नेशनल यूथ वालंटियर्स की ओर से प्रस्तुत किए गए प्रेजेंटेशन का मूल्यांकन करने और उनके प्रदर्शन के आधार पर अंक प्रदान करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरदोई, प्रयागराज, बुलंदशहर समेत चार जनपदों के नेशनल यूथ वालंटियर्स ने अपने सामाजिक कार्यों, अनुभवों, विचारों और नवाचारों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया। निर्णायक के रूप में योगेश शर्मा ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषय की समझ, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और विचारों की गुणवत्ता के आधार पर उनका निष्पक्ष मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर योगेश शर्मा ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और उनके सामाजिक योगदान को करीब से समझना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। आज का युवा अपनी ऊर्जा, रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता के बल पर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। माय भारत जैसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। उन्हें प्रोत्साहित कर सकारात्मक दिशा देना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम है।
लखनऊ के प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्णायक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना योगेश शर्मा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। उनकी इस भूमिका से सुल्तानपुर का नाम भी युवा गतिविधियों के क्षेत्र में रोशन हुआ।




