सुल्तानपुर पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार
तीन दिन चलेगी विसर्जन यात्रा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर सीताकुंड घाट पर
एसडीआरएफ और गोताखोर संभालेंगे मोर्चा, ड्रोन से होगी निगरानी
सुल्तानपुर मे दुर्गा पूजा महोत्सव के समापन और प्रतिमाओं की ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। रविवार को एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतिम दिन अधिकारियों और केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही नगर क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न पूजा समितियों से मुलाकात की।
सोमवार से जिले में दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा शुरू होगी। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विसर्जन मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और शांति बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
सीताकुंड घाट पर प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी। यहां एसडीआरएफ की टीम के साथ गोताखोर भी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। इसके अलावा ड्रोन सहित अन्य माध्यमों से भी निगरानी की जाएगी।
एडीजी ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से संवाद कर विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की। पुलिस-प्रशासन का जोर है कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा, यातायात और विसर्जन की व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।




