दिल्ली से छठ पूजा मनाने बिहार जा रहे थे मजदूर
कूरेभार के माइलस्टोन 118.8 पर हुआ हादसा छह गंभीर घायलों को लखनऊ मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर, सभी पीड़ित बिहार के सहरसा जिले के निवासी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा कूरेभार थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 118.8 के पास हुआ, जहां दिल्ली से छठ पूजा मनाने बिहार जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार मजदूर उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायलों में छह की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी मजदूर बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले थे और छठ पूजा मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




