सासाराम/रोहतास/Etv News 24
रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में एक बार फिर स्वर्ण व्यवसायी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। सोमवार की रात शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके — सब्जी मंडी के सामने — एक ज्वेलरी दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का शटर काटकर भीतर घुसते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए और मौके से फरार हो गए।मंगलवार सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा, तो टूटा हुआ शटर देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर पहुंचने पर पाया कि पूरा गहनों का स्टॉक गायब है। दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। गौरतलब है कि हाल ही में बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के इटिम्हां और नटवार में भी ज्वेलरी दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं, लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि इलाके में सक्रिय “शटर कटवा” गिरोह अब पूरी तरह बेखौफ हो चुका है। उनका आरोप है कि पुलिस की सुस्ती और गश्ती में लापरवाही की वजह से चोरों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



