सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद मे तहसील लम्भुआ में 3 अक्टूबर 2026 शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष पहुंचीं। भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली अथवा लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




