सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट लगाना अनिवार्य
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कटों की होगी जांच, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सर्दी के साथ बढ़ते कोहरे को देखते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के सभी इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, रोड मार्किंग, पेंटिंग, सफेद पट्टियों, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतकों को दुरुस्त कराने पर जोर दिया। दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप्स और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
डीएम ने कोहरे के दौरान संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित रखने के लिए स्पीड रडार और इंटरसेप्टर से निगरानी बढ़ाने तथा नियमित पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए। एआरटीओ और यातायात पुलिस को ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, डंपर, ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों समेत अन्य वाहनों पर मानक के अनुसार रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट लगवाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाने तथा सड़क की पटरियों से अतिक्रमण और निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सभी कटों की जांच कराने, खराब लाइटों को ठीक कराने और सड़क की मरम्मत, रोड मार्किंग व साइनेज संबंधी कार्य समय से पूरा कराने को कहा।
उन्होंने पुलिस पीआरवी-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय रखने के साथ टोल प्लाजा एवं प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। टोल प्लाजा और प्रमुख चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा डिजिटल बोर्ड के माध्यम से वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से चलने, फॉग लाइट व इंडिकेटर का प्रयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
डीएम ने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, यूपीडा और नगर पालिका के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता से दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




