अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सत्ता पक्ष के दो जनप्रतिनिधियों पर लगाए गंभीर आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
निर्वाचन अधिकारियों और बीएलओ से निष्पक्षता बरतने की अपील, मतदाता सूची में हेरफेर की आशंका जताई
सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सत्ता पक्ष के दो जनप्रतिनिधियों पर रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र-06 और सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र-04 के मतदाताओं के नाम सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र-03 की मतदाता सूची में शामिल कराने की कथित साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
अभिषेक टिंकू अरोड़ा का कहना है कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले कुछ वार्डों में ऐसी कॉलोनियां हैं, जो विधानसभा सहारनपुर देहात और रामपुर मनिहारान क्षेत्र में आती हैं। आरोप है कि इन्हीं क्षेत्रों के मतदाताओं को सहारनपुर नगर विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि रविवार को निर्वाचन कार्यालय बंद होने के बावजूद दो अधिकारियों की मौजूदगी में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि काफी देर तक कार्यालय में मौजूद रहे। हालांकि, वहां क्या गतिविधियां हुईं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने इस पूरे मामले पर सवाल उठाए हैं।
अरोड़ा ने निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आकर मतदाता सूची में बदलाव न करें। किसी पात्र मतदाता का नाम न काटा जाए और न ही किसी दूसरे विधानसभा क्षेत्र के मतदाता का नाम गलत तरीके से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। पीलीभीत में हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि सहारनपुर में भी ऐसी स्थिति पैदा न होने दी जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में संबंधित जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर सहारनपुर के कुछ मतदाताओं के मतदान बूथ दूसरे मतदान स्थलों पर स्थानांतरित कर दिए गए थे, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब मतदाता सूची में कथित बदलाव की कोशिश से चुनावी निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता का नाम गलत तरीके से सहारनपुर नगर की सूची में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि यदि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो मामले की शिकायत मुख्य निर्वाचन आयुक्त और भारत निर्वाचन आयोग तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष मतदान सबसे महत्वपूर्ण है और चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, सभी को स्वीकार होना चाहिए। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना किसी दबाव के नियमों के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।




