दोपहिया वाहन पर खरोंच को लेकर एजेंसी संचालक और चालक के बीच विवाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा की अगुवाई में दर्जनों चालकों ने किया प्रदर्शन
एजेंसी मालिक व कर्मचारियों पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता का आरोप
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
दोपहिया वाहन की एजेंसी में वाहन पर खरोंच आने के मामले में छह हजार रुपये की कटौती को लेकर विवाद गहरा गया है। चालक से कथित रूप से रुपये काटने की बात सामने आने के बाद ड्राइवर महासंघ उत्तर प्रदेश उसके समर्थन में उतर आया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा की अगुवाई में दर्जनों चालकों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र सौंपा और मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
महासंघ की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, दोपहिया वाहन के स्टीकर पर खरोंच आने को लेकर एजेंसी संचालक ने चालक से छह हजार रुपये की कटौती करने की बात कही। इसको लेकर विवाद बढ़ गया। चालक के समर्थन में आए महासंघ के पदाधिकारियों ने एजेंसी मालिक और उसके कर्मचारियों पर चालक के साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा के नेतृत्व में जुटे चालकों ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी विवाद का समाधान नियमों के तहत होना चाहिए और चालक के साथ कथित दुर्व्यवहार को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
ड्राइवर महासंघ ने जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र के माध्यम से पूरे प्रकरण की जांच कराकर चालक को न्याय दिलाने की मांग उठाई। हालांकि, एजेंसी संचालक का पक्ष और प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।




