नगर कीर्तन में शामिल होकर मोहसिन सलीम और मोहम्मद हामिद राइन ने दी शुभकामनाएं
सिख समाज की धार्मिक शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा और उत्साह का संगम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर रविवार, 22 नवंबर को शहर में सिख समाज की ओर से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
इस पावन अवसर पर ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहसिन सलीम के साथ शहर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मोहम्मद हामिद राइन भी नगर कीर्तन में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सिख समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मोहम्मद हामिद राइन ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, भाईचारे, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन आपसी प्रेम तथा गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत बनाते हैं।
मोहम्मद हामिद राइन प्रवक्ता, शहर कांग्रेस कमेटी, सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश




