लौटाया खोया बैग सड़क पर गिरा मिला बैग
कागजात के जरिए मालिक तक पहुंचाया सामान
बच्चों की शादी के लिए उधार लेकर खरीदे थे कपड़े और जूते, वापस मिलने पर जताया आभार
कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की हो रही सराहना
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24 /संवाददाता वागीश
यातायात ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड अजय कुमार मिश्रा ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिला बैग उसके असली मालिक को लौटा दिया। होमगार्ड की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल से जा रहे दुर्गा प्रसाद शर्मा का बैग रास्ते में कहीं गिर गया था। उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं हो सकी। यातायात ड्यूटी के दौरान होमगार्ड अजय कुमार मिश्रा को सड़क पर बैग पड़ा मिला। उन्होंने बैग खोलकर उसमें रखे कागजात के आधार पर उसके मालिक की पहचान की और उनसे संपर्क किया।
इसके बाद सेमरी बाजार, जयसिंहपुर निवासी दुर्गा प्रसाद शर्मा को बुलाकर बैग सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। बैग में बच्चों के लिए शादी के अवसर पर खरीदे गए कपड़े और जूते रखे थे। बताया गया कि शर्मा ने उधार पैसे लेकर बच्चों के लिए यह सामान खरीदा था। ऐसे में खोया हुआ बैग वापस मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने होमगार्ड अजय कुमार मिश्रा का आभार जताया।
होमगार्ड की इस ईमानदारी ने पुलिस और यातायात विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है। अजय कुमार मिश्रा की कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदना की लोग सराहना कर रहे हैं।




