तीन दिवसीय जांच शिविर का भव्य समापन, टेंट निर्माण से लेकर बिना बर्तन भोजन बनाने तक की गतिविधियों ने मोहा मन
थाना प्रभारी और सहायक कमिश्नर ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
आत्मनिर्भरता और सेवा भावना का दिया संदेश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के हलियापुर स्थित दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट-गाइड जांच शिविर का उत्साह और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हलियापुर थाना प्रभारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसील बल्दीराय के सहायक कमिश्नर शामिल हुए। अतिथियों की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने टेंट निर्माण, भोजन बनाने की कला, रंगोली, योगाभ्यास, पिरामिड निर्माण, संकेत वार्ता और बिना बर्तनों के भोजन तैयार करने जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों और उनके कौशल को देखकर अतिथियों ने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। तीन दिनों तक चले शिविर में विद्यार्थियों को स्काउटिंग की विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। शिविर का संचालन मुख्य ट्रेनिंग काउंसलर स्काउट वीर विक्रम सिंह एवं सुमित विश्वकर्मा ने किया। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे शिविर बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और साहस के साथ मुकाबला करने के लिए तैयार करते हैं। साथ ही उनमें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करते हैं।
समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य सिद्धार्थ श्रीवास्तव, विद्यालय की प्रबंधिका सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




