डीएम इंद्रजीत सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तीन दिन में वल्नरेबिलिटी मैपिंग पूरी करने के दिए निर्देश
बूथों पर मूलभूत सुविधाओं का होगा भौतिक सत्यापन, पुलिस अधिकारियों के साथ करेंगे क्षेत्र भ्रमण
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में क्रिटिकल और वल्नरेबल (संवेदनशील) मतदान केंद्रों के चिन्हांकन को लेकर बैठक हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह और उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया समेत जनपद के सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर ऑफिसर मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता का गंभीरता से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व के चुनावों में सामने आई समस्याओं, मतदान के दौरान संभावित व्यवधान, मतदाताओं पर दबाव बनाने, भयभीत करने और प्रभावित करने वाले तत्वों को ध्यान में रखते हुए क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों का चिन्हांकन किया जाए। इस प्रक्रिया में कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य छूटना नहीं चाहिए।
डीएम ने सभी सेक्टर ऑफिसरों से मतदान केंद्रों पर उपलब्ध एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर फर्नीचर, बिजली, रैंप, पेयजल, शौचालय, मानक के अनुरूप स्विच-सॉकेट और बाउंड्रीवाल जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। जिन अधिकारियों ने अभी तक एएमएफ की रिपोर्ट नहीं दी है, वे तत्काल रिपोर्ट जमा करें। पूर्व में भेजी गई रिपोर्ट में कोई कमी मिलने पर संशोधित रिपोर्ट भी उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर ऑफिसरों को संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ अगले तीन दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने का निर्देश दिया। इस दौरान वल्नरेबिलिटी मैपिंग की पहली रिपोर्ट (वीएम-1) के आधार पर दूसरी रिपोर्ट (वीएम-2) तैयार की जाएगी। भ्रमण के दौरान बूथों पर सुविधाओं की जांच के साथ पहले से कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वाले और मतदाताओं को प्रभावित करने वाले संभावित तत्वों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की जांच की जाए। इसके अलावा मतदान केंद्रों की भौगोलिक स्थिति, सड़क और आवागमन के रास्तों तथा वाहनों के पहुंचने की सुविधा का भी आकलन किया जाए, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम ने सेक्टर ऑफिसरों को संबंधित एसडीएम के मोबाइल नंबर अपने पास रखने और उनसे लगातार संपर्क व समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं, जिससे वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।




