होटल-ढाबों पर बाल श्रमिकों की तलाश में चला अभियान, बिना सुरक्षा के कार्रवाई करने को मजबूर हुए अधिकारी
रामनगर गोंडवा में राजस्व टीम पर हमले के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था, पुलिस की गैरमौजूदगी से उठे सवाल
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के शहर के होटल और ढाबों पर बाल श्रम की रोकथाम के लिए निकली प्रशासनिक टीम को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का सामना करना पड़ा। अभियान के दौरान टीम की सुरक्षा के लिए जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, वे मौके से नदारद मिले। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस सुरक्षा के बिना ही अभियान चलाना पड़ा। इस लापरवाही से अभियान में शामिल अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रशासनिक टीम शहर के विभिन्न होटल और ढाबों पर बाल श्रमिकों की तलाश के लिए अभियान चला रही थी। नियमानुसार अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों की मौजूदगी जरूरी थी, ताकि किसी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इसके बावजूद मौके पर पुलिसकर्मियों के नहीं पहुंचने से टीम को असुरक्षा के बीच कार्रवाई करनी पड़ी। इसे लेकर अधिकारियों में नाराजगी भी देखी गई।
गौरतलब है कि करीब पखवाड़े भर पहले अवैध खनन की शिकायत पर बिना पुलिस सुरक्षा के निकली राजस्व टीम पर नगर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गोंडवा चौकी अंतर्गत रात में जानलेवा हमला हुआ था। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई थी।
इसके बावजूद बाल श्रम उन्मूलन अभियान में एक बार फिर पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी सामने आने से पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
सवाल यह है कि जब संवेदनशील अभियानों में प्रशासनिक टीम को सुरक्षा देने के निर्देश हैं, तो ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद पुलिसकर्मी मौके पर क्यों नहीं पहुंचे? लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। अब देखना है कि जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या फिर मामला महज औपचारिकता तक सीमित रह जाता है।




