पंचायत अधिकार संघ ने किया घेराव, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
मिठाई के डिब्बे फेंककर जताया विरोध, हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ प्रदेश में पंचायत चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पंचायत अधिकार संघ के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आवास का घेराव कर चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोकने पहुंची पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के आवास की ओर मिठाई के डिब्बे फेंककर अपना विरोध जताया। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को पुलिस वाहनों से इको गार्डन भेज दिया गया। पंचायत अधिकार संघ के कार्यकर्ताओं का कहना था कि पंचायत चुनाव में अनावश्यक देरी से पंचायत प्रतिनिधियों और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सरकार से पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की।




