यूसीसी लागू करने के वादे को बताया राजनीतिक मुद्दा, भाजपा पर लगाया ‘डिवाइड एंड रूल’ की विचारधारा पर चलने का आरोप
‘काला धन और 15 लाख रुपये का वादा याद दिलाकर साधा निशाना, बोले- भाजपा के झांसे में न आएं लोग’
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। भाजपा शासित राज्यों में यूसीसी लागू करने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने भाजपा को ‘डिवाइड एंड रूल’ यानी बांटो और राज करो की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी करार दिया।
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा हर बार जनता के सामने नया जुमला लेकर आती है। उन्होंने पुराने चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले काला धन वापस लाने और हर खाते में 15 लाख रुपये पहुंचाने का वादा किया गया था। अब समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही जा रही है।
आप सांसद ने यूसीसी के संभावित प्रभावों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इसे लागू करने से विभिन्न धर्मों के लोगों के मौजूदा अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही हिंदुओं को अविभाजित हिंदू परिवार (एचयूएफ) के तहत आयकर में मिलने वाली छूट समाप्त होने की आशंका भी जताई।
संजय सिंह ने लोगों को भाजपा के वादों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि उसके झांसे में आने से बचना चाहिए। उनके इस बयान से यूसीसी को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने के आसार हैं।




