दाहिने पैर और हाथ की अंगुलियों में फ्रैक्चर,जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर
मुकदमे के सिलसिले में मुआयना करने जा रहे थे अधिवक्ता अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सड़क हादसे में जिले के मशहूर अधिवक्ता अय्यूब उल्लाह खान गंभीर रूप से घायल हो गए। रविवार को वह बाइक से बल्दीराय तहसील क्षेत्र के कल्याणपुर नटौली में एक मुकदमे के सिलसिले में मुआयना करने जा रहे थे। इसी दौरान वल्लीपुर बाजार से पहले एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अधिवक्ता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेता अरशद पवार को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और अपनी गाड़ी से घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। अधिवक्ता के दाहिने पैर और हाथ की एक अंगुली में फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा सिर, बाएं पैर, कमर और दाहिने हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं।
अधिवक्ता की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और साथी अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना से जिले के अधिवक्ता समुदाय में चिंता और बेचैनी का माहौल है।




