लखनऊ में NSG और ATS के संयुक्त प्रशिक्षण का सीएम ने किया शुभारंभ,
महिला कमांडो टीम की क्षमता को सराहा आतंकी हमले और बंधक संकट से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइन में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश एटीएस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि देश की आंतरिक सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों को संरक्षण नहीं मिलेगा और आतंकियों को अपने मंसूबों में कामयाब होने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के लिए साहस, आधुनिक तकनीक और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश एटीएस की महिला कमांडो टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अब सुरक्षा और साहस के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। एटीएस ने समर्पित महिला कमांडो टीम गठित की है, जिसे स्पॉट (स्पेशल पुलिस ऑपरेशंस टीम) का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। योगी ने कहा कि यह केवल एक ऑपरेशनल पहल नहीं, बल्कि नए भारत की शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक है। आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। वे हर चुनौती का सामना करने और दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम करने में सक्षम हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संयुक्त प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एनएसजी और यूपी पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय को और मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर संभावित आतंकी हमलों, बंधक बनाए जाने की घटनाओं और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा। इससे सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई और आपसी तालमेल की क्षमता में वृद्धि होगी।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था, लेकिन अब प्रदेश में शांति और कानून का राज कायम है।
मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसटीएफ और एटीएस जैसी सुरक्षा एजेंसियों को मजबूत करने के साथ आधुनिक संसाधनों और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया गया है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में अपराध, आतंकवाद और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं होगी।




