विभागीय रैंकिंग में गिरावट पर जताई नाराजगी,
ओडीओपी और छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति बढ़ाने पर जोर
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देशन में हुई बैठक में सीएमआईएस पोर्टल पर लंबित परियोजनाओं और 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। छात्रवृत्ति योजना, फैमिली आईडी और पर्यटन विकास निगम की विलंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा। उन्होंने एमएसएमई विभाग को एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना की रैंकिंग में सुधार लाने तथा अग्रणी जिला प्रबंधक को बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर पेंडेंसी कम करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत राज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन और विद्युत सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों की रैंकिंग में पिछले माह की तुलना में गिरावट आई है, वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए अगली समीक्षा बैठक से पहले बेहतर परिणाम प्रस्तुत करें।
उन्होंने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज आंकड़ों की नियमित निगरानी करने और उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। विभागीय कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




