शादी समारोह में शामिल होने गाजियाबाद से बिहार जा रहे थे कार सवार, माइलस्टोन 84 पर हुआ हादसा
चालक को नींद की झपकी आने से अनियंत्रित हुई कार, अस्पताल पहुंचने पर महिला ने तोड़ा दम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सुलतानपुर मे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चालक को आई झपकी एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 84 के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार 67 वर्षीय महिला संध्या सिन्हा की मौत हो गई, जबकि चालक सुनील कुमार समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवार गाजियाबाद से बिहार के सिवान में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे कार पर उसका नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवारों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल अयोध्या के पिठला, कुमारगंज स्थित शौ सैया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने संध्या सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया गया। हादसे की सूचना से मृतका के परिवार में मातम छा गया। शादी की खुशियों में शामिल होने निकले परिवार पर रास्ते में ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।




