सलाहपुर गांव के पास हुआ हादसा, नदी में मिला जय राम यादव का शव
कोतवाली देहात पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सलाहपुर गांव में नदी में डूबने से 65 वर्षीय बुजुर्ग जय राम यादव की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जय राम यादव किसी काम से नदी की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी में उनका शव मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।




