प्रभात फेरी निकाल स्वच्छता का संदेश
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का हुआ समापन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन उत्तर प्रदेश/Etv News 24
महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छ भारत दिवस पर शुक्रवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई कार्यक्रम हुए। बाकले जिमखाना प्रांगण में मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। रेलकर्मियों ने महात्मा गांधी के स्वच्छ एवं विकसित भारत के सपने को साकार करने, हर साल 100 घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने और न खुद गंदगी करने, न किसी और को करने देने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता की शुरुआत अपने परिवार, मोहल्ले, गांव और कार्यस्थल से करने की शपथ ली।शपथ के बाद बाकले जिमखाना से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी पूरी यूरोपियन कॉलोनी और रोजा कॉलोनी से होते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की ओर बढ़ी और एससीएडीए भवन में समाप्त हुई। इसमें रेल अधिकारी, रेलकर्मी और मंडल के स्काउट एवं गाइड सदस्य शामिल हुए।

प्रभात फेरी के दौरान स्वच्छता जागरूकता से जुड़े संदेशों का उद्घोष किया गया।एससीएडीए भवन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और ऑटो स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई मित्र, यात्री तथा ऑटो चालकों से साफ-सफाई को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने सभी से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया।मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सिग्नेचर कैंपेन भी हुआ। रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने कहा, “स्वच्छता के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। सभी के सहयोग से ही स्वच्छ भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।” रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई मित्र निरंतर कार्यरत हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने यात्रियों एवं आमजन से सफाई मित्रों का सहयोग करने, अनावश्यक गंदगी फैलाने से बचने तथा रेल परिसर और ट्रेनों में सदैव कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील की।आज के पूरे अभियान के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुलदीप, अपर मंडल रेल प्रबंधक- द्वितीय श्री सूरज कुमार, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) श्री उत्कर्ष कुमार, कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री राजीव रंजन , वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक श्री केशव आनंद, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री नीरज कुमार, वरीय मंडल विद्युत अभियंता सुनील सिंह यादव, वरीय मंडल विद्युत अभियंता पीयूष कुमार सिन्हा, वरीय मंडल सामग्री प्रबंधक श्री प्रगति कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर केशव, वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी संतोष कुमार, मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं गृह प्रबंधन विभाग) श्री आलोक कुमार आर्या सहित बड़ी संख्या में अन्य अधिकारियों एवं रेल कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।

विदित हो कि मंडल के पर्यावरण एवं गृह प्रबंधन विभाग के समग्र समन्वय से पूरे डीडीयू मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 (1 से 15 अक्टूबर) आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान रेल परिसरों में सतत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जन-भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, पटरियों, रेल कॉलोनियों तथा कार्यालयों में सघन सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसमें यात्रियों, रेल कर्मचारियों और हितधारकों की सक्रिय सहभागिता के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता गतिविधियां सुनिश्चित की जाएगी ।इसके अलावा पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। इसके तहत स्वच्छता, जनभागीदारी और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों एवं कचरा संवेदनशील स्थलों की सफाई, स्टेशनों व रेल परिसरों में स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण एवं प्लास्टिक निषेध को लेकर जागरूकता, खेल गतिविधियां तथा सफाईमित्रों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर अभियान का समापन हुआ।




