सासाराम (रोहतास) Etv News 24
जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा द्वारा इंद्रपुरी बराज सहित सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल के मुख्य नहर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं से बाणसागर से आने वाले जल के इंद्रपुरी बराज तक पहुंचने की व्यवस्था, वर्तमान जल प्रवाह तथा नहर प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी ली।जिला पदाधिकारी ने इंद्रपुरी बराज से विभिन्न नहरों एवं सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी की पूरी प्रक्रिया की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जल प्रवाह एवं नहर प्रणाली के संचालन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए।जिला पदाधिकारी ने कहा कि सोन नदी में संभावित जल वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सोन तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक एवं सतर्क किया जा रहा है।उन्होंने लोगों से अपील की कि सोन नदी एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से अभिभावकों से अपने बच्चों को नदी के किनारे जाने से रोकने की अपील की। साथ ही, पशुपालकों को अपने मवेशियों को नदी के किनारे नहीं ले जाने तथा जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई। जिला प्रशासन द्वारा सोन नदी के जलस्तर एवं जल प्रवाह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




