करीब एक घंटे का रहेगा दौरा
पूर्व मंत्री पवन पांडेय के कार्यक्रम में होंगे शामिलप्रशासन को दी गई सूचना
आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने तेज की तैयारियां
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आठ अक्टूबर को अयोध्या आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उनका दौरा करीब एक घंटे का रहेगा। सपा की ओर से कार्यक्रम की सूचना पुलिस-प्रशासन को भेज दी गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव दोपहर 3:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। शाम करीब चार बजे पुरसाए हेलीपैड पर उनके पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह कृष्णापुर खानपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पूर्व मंत्री पवन पांडेय के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी प्रस्तावित है।
अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब राजनीतिक दल संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में उनके दौरे को पार्टी संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उनके कार्यक्रम में किसी बड़े राजनीतिक ऐलान या विशेष राजनीतिक गतिविधि की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
सपा की ओर से प्रशासन को कार्यक्रम की सूचना दिए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से भी वीआईपी दौरे को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां की जाएंगी।




