डीएम ने दरियापुर शिविर का किया निरीक्षण, 838 श्रमिकों का डिजिटल पंजीकरण
स्वास्थ्य जांच में तीन श्रमिक मिले टीबी संक्रमित, एक में एचआईवी की पुष्टि
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर जनपद सेवा संकल्प अभियान के तहत दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे 21 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे श्रमिक पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही
सुविधाओं और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली।
शिविर में श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रम विभाग की ओर से 838 श्रमिकों और 44 नियोजकों का डिजिटल लेबर चौक ऐप पर पंजीकरण किया गया। 159 श्रमिकों का पंजीकरण, 45 का यूपीबीओसीडब्ल्यू पोर्टल पर नवीनीकरण, 43 का ई-श्रम तथा आठ का प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों की विभिन्न जांचें की गईं। इनमें 767 एक्स-रे, 756 शुगर-बीपी, 250 मलेरिया, 153 नेत्र, 131 डेंटल, 259 एचआईवी/वीडीआरएल, 371 आयुर्वेदिक, 92 बलगम, 131 डेंगू, 24 ईसीजी, छह मानसिक स्वास्थ्य और 18 हीमोग्लोबिन की जांच शामिल हैं। 687 श्रमिकों को ओपीडी तथा 156 को होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा दी गई।
जांच के दौरान तीन श्रमिकों में टीबी और एक में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई। संबंधित श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और आगे की उपचार प्रक्रिया से जोड़ने की कार्रवाई की गई।




