INDIA गठबंधन के सांसदों के समर्थन में राहुल, कहा- लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई जारी रहेगी
मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर राहुल का निशाना, बोले- पूरी व्यवस्था को न्याय के कटघरे में लाएंगे
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
नई दिल्ली जंतर-मंतर के पास विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के सांसदों के समर्थन में सोशल मीडिया पर संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संसद के भीतर, सड़कों पर और अब जंतर-मंतर के पास विपक्षी सांसद मजबूती से खड़े हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि वह INDIA गठबंधन के प्रत्येक सांसद के आभारी हैं, जो लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई में मजबूती से डटे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मार्च रोक सकती है और बैठक से इन्कार कर सकती है, लेकिन जनता की इच्छा और आवाज को नहीं रोका जा सकता।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कहा कि पूरी व्यवस्था को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उनका यह बयान चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष के लगातार जारी विरोध के बीच आया है।
राहुल के बयान से साफ है कि विपक्ष इस मुद्दे को सड़क से संसद तक राजनीतिक संघर्ष का प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था भी कड़ी की गई है।




