26 अक्टूबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 1,286 मतदान केंद्र और 2,185 मतदेय स्थल प्रस्तावित
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की सूची
मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन के बाद तैयार हुआ प्रस्ताव, राजनीतिक दलों और आमजन से मांगे गए सुझाव
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुलतानपुर के जिले में आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने 19 अक्टूबर 2026 को सूची जारी करते हुए आमजन, जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव मांगे हैं। इसके लिए 26 अक्टूबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के पत्र के आधार पर मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया गया। अधिकतम 1,200 मतदाताओं के मानक को ध्यान में रखते हुए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की नई आलेख्य सूची तैयार की गई है।

जारी सूची के अनुसार, अमेठी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जगदीशपुर आंशिक विधानसभा क्षेत्र में 30 मतदान केंद्र और 66 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। वहीं, सुलतानपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत इसौली में 234 मतदान केंद्र और 415 मतदेय स्थल, सुलतानपुर में 215 मतदान केंद्र और 423 मतदेय स्थल, सदर में 267 मतदान केंद्र और 403 मतदेय स्थल, लंभुआ में 286 मतदान केंद्र और 437 मतदेय स्थल तथा कादीपुर (अजा) में 254 मतदान केंद्र और 441 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
इस प्रकार संबंधित क्षेत्रों में कुल 1,286 मतदान केंद्र और 2,185 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों की सूची को लेकर यदि किसी व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल को कोई आपत्ति अथवा सुझाव देना है तो वह निर्धारित समयसीमा के भीतर लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर सुलतानपुर अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उप जिलाधिकारी या तहसीलदार के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

इस संबंध में सांसद, जिले के सभी विधायक और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को भी सूचना भेजी गई है। संबंधित अधिकारियों को सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और आमजन को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




