स्थानांतरण-पदोन्नति समेत सात मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने फूंका आंदोलन का बिगुल
मांगें नहीं मानीं तो ऑनलाइन कार्यों का भी करेंगे बहिष्कार, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सुल्तानपुर के बल्दीराय तहसील क्षेत्र के लेखपालो ने लंबित मांगों पर शासन स्तर से कार्रवाई नहीं होने से नाराज उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संघ ने मंगलवार से अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार समेत आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई है।
बल्दीराय तहसील अध्यक्ष संतराम यादव ने बताया कि लेखपाल संघ की ओर से शासन को भेजे गए पत्र में अंतरमंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति सूची जारी करने और विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने सहित कई मांगें उठाई गई हैं। इसके अलावा भत्तों में बढ़ोतरी, भूलेख समेत अन्य पटलों से लेखपालों को मुक्त करने, ग्राम सचिवालयों में सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा 2800 ग्रेड पे दिए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
संतराम यादव ने कहा कि बड़ी संख्या में लेखपाल अपने गृह जनपद से सैकड़ों किलोमीटर दूर तैनात हैं। लंबे समय से स्थानांतरण और पदोन्नति जैसी मांगें लंबित होने के कारण लेखपालों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। संघ का कहना है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल अतिरिक्त हलकों के कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। यदि शासन स्तर से मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार सहित आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी। लेखपाल संघ ने शासन से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।




