पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर में हादसा, एसपी-एएसपी ने पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा
चंडीगढ़ से गाजीपुर जा रही थी एंबुलेंस, हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर जनपद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ। एंबुलेंस चंडीगढ़/पंचकूला से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर गाजीपुर/देवरिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल (30), साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28) और राम समुझ सिंह (40) के रूप में बताई गई है। हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर थाना पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल और अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति देखी।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया एंबुलेंस के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जिस एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जा रहा था, उसी एंबुलेंस के हादसे में चार लोगों की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




