यूपी का निर्यात 10 वर्ष में 2.27 गुना बढ़ा, ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंचा : योगी
इंडिया कारपेट एक्सपो’ में बोले योगी- भदोही के कालीन ने दुनिया में बनाई अलग पहचान
भदोही के हुनर को विकास और वैश्विक बाजार से जोड़ रही सरकार : योगी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भदोही का हुनर पहले अपने लिए राह तलाशता था, लेकिन अब प्रदेश सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के निर्यात में पिछले 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना वृद्धि हुई है और यह अब दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के निर्यात को नई ऊंचाई देने में भदोही के कालीन उद्योग का महत्वपूर्ण योगदान है। जिन हाथों ने अपनी कला और हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाया, वे हाथ वर्ष 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और बेहतर अवसरों की प्रतीक्षा करते थे। अब सरकार इन कारीगरों के हुनर को कौशल विकास, वैश्विक बाजार और बेहतर कारोबारी अवसरों से जोड़ने का काम कर रही है।
योगी ने कहा कि हाथ से बने भदोही के कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में है। वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के कारीगरों के हुनर की पहचान मजबूत हो रही है। सरकार का प्रयास है कि कारीगरों को उनके उत्पाद का बेहतर बाजार मिले और स्थानीय हुनर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिले।
मुख्यमंत्री ने एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और कारीगरों की आय बढ़ाने के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से हुनर विकास और वैश्विक बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। भदोही के कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान इसका प्रमुख उदाहरण है।




