बीएसए की मध्यस्थता में घंटों चली मैराथन वार्ता, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण की बनी सहमति
22 सितंबर को प्रस्तावित था धरना-प्रदर्शन, कार्यवृत्ति जारी होने के बाद संघ ने लिया आंदोलन स्थगित करने का निर्णय
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
परिषदीय शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन की राह पर बढ़ रहे उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ को सोमवार को वार्ता के बाद समाधान का भरोसा मिला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता की मध्यस्थता में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के बीच घंटों चली मैराथन वार्ता में शिक्षकों की समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा हुई। इसके बाद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण को लेकर कार्यवृत्ति जारी की गई। आश्वासन और कार्यवृत्ति जारी होने के बाद संघ ने 22 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान के अनुसार, शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निस्तारण को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में 15 सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी राम बचन राम को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के संबंधित कर्मचारियों तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। बीएसए कार्यालय में हुई बैठक में शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों को एक-एक कर सामने रखा गया। घंटों चली चर्चा के दौरान कई बिंदुओं पर समयसीमा निर्धारित करते हुए निस्तारण की कार्ययोजना पर सहमति बनी।
संघ के अनुसार, अवशिष्ट भुगतान, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी, जीपीएफ लेजर, लेखा पर्ची और प्रान नंबर आवंटन समेत अन्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर कार्यालय स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से इन समस्याओं के निस्तारण को लेकर कार्यवृत्ति भी जारी की गई और शिक्षक संघ से प्रस्तावित धरना स्थगित करने का आग्रह किया गया। कार्यवृत्ति जारी होने के बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने आपसी विचार-विमर्श किया। संघर्ष समिति की सहमति के बाद 22 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। संघ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में समस्याओं का निस्तारण नहीं होने की स्थिति में आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीएसए ने शिक्षक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के बीच वार्ता का रास्ता खोलकर समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की है। संघ ने उम्मीद जताई कि वार्ता में बनी सहमति और जारी कार्यवृत्ति के अनुसार सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।
मौके पर पदाधिकारी रहे मौजूद प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, जिला प्रवक्ता निजाम खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, जिला उपाध्यक्ष राम बहादुर मिश्रा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष धीरेन्द्र राव, भदैयाँ अध्यक्ष अंजनी शर्मा, नरेंद्र पाण्डेय, सूर्यकान्त तिवारी, अंजनी नंदन पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की ओर से लेखाकार संतोष, किशन लाल और नेहा श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




