डीएम ने अठैसी सहकारी समिति का किया निरीक्षण
धान की नमी जांची क्रय केंद्र पर किसानों की सुविधा और पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने शनिवार को जयसिंहपुर क्षेत्र स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड, अठैसी का औचक निरीक्षण कर धान खरीद और उर्वरक की उपलब्धता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर व्यवस्थाओं की पड़ताल करते हुए संबंधित अधिकारियों और केंद्र प्रभारियों को किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और धान खरीद में किसी भी किसान को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र पर नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच की। इसके बाद धान खरीद और भंडारण कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार ही धान की खरीद की जाए। केंद्र पर आने वाले किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं का समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने उर्वरक भंडारण कक्ष का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध खाद के स्टॉक की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र के किसानों की मांग और जरूरत के अनुसार उर्वरक वितरण की व्यवस्था की जाए। साथ ही आसपास के गांवों में किसानों को यह जानकारी पहुंचाई जाए कि केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है, ताकि वे अनावश्यक रूप से भटकने को मजबूर न हों। उन्होंने धान खरीद और उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।




