डेहरी ओन सोन रोहतास/Etv News 24
भगवान गणेश के प्रति अटूट आस्था और महाराष्ट्र की समृद्ध धार्मिक परंपरा को डेहरी में जीवंत रखते हुए डेहरी डालमियानगर नगर परिषद की पूर्व मुख्य पार्षद विशाखा सिंह पिछले करीब 20 वर्षों से अपने आवास पर गणेश जन्मोत्सव का आयोजन करती आ रही हैं। सोमवार को भी उनके आवास पर श्रद्धा और भक्ति के माहौल में गणेश जन्मोत्सव पर भंडारा का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भाजपा युवा मोर्चा के वरिष्ठ नेता अमित कुमार पटेल ने विशाखा सिंह के आवास पर पहुंचकर भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष नमन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षद संजीत सिंह की पत्नी विशाखा सिंह राजपूतान मुहल्ला में लंबे समय से गणेश जन्मोत्सव का आयोजन पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ करती आ रही हैं। महाराष्ट्र में गणेश पूजा का विशेष महत्व है और वहां गणेशोत्सव बड़े उत्साह एवं धूमधाम से मनाया जाता है। विशाखा सिंह ने महाराष्ट्र की इसी धार्मिक परंपरा और संस्कृति को डेहरी में भी निरंतर बनाए रखा है।
उन्होंने कहा कि दो दशक से अधिक समय से लगातार आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन लोगों को आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता से जोड़ने का कार्य कर रहा है। प्रत्येक वर्ष गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर भगवान गणेश का दर्शन करते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह, जितेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता,सहित कई वर्तमान एवं पूर्व पार्षद, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पूरे परिसर में भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।




