सासाराम रोहतास/ Etv News 24
सासाराम स्थित मंगलम होटल में सोमवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भोला पासवान शास्त्री की 113वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी शेखर पासवान के नेतृत्व में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भोला पासवान शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जयंती समारोह के आयोजन के लिए शेखर पासवान के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शेखर पासवान ने कहा कि भोला पासवान शास्त्री का पूरा जीवन सामाजिक सरोकार और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में वृद्धावस्था पेंशन की शुरुआत की गई तथा छात्रों को छात्रवृत्ति देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई। शेखर पासवान ने कहा कि शास्त्री जी की सादगी और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता आज भी अनुकरणीय है।
नोखा विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया। मंच संचालन कमलेश पासवान ने किया।
मौके पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार सिंह, भाजपा नेता अभिषेक पांडेय, गुड्डू चौबे, गोलू, सुनील, अजय कुमार, मंजित, गायिका पूजा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




