डेहरी-ऑन-सोन रोहतास/ Etv News 24
नवरात्र में पूजा के बाद फूल-माला व पूजन सामग्री के निस्तारण को लेकर डेहरी डालमियानगर नगर परिषद ने अनोखी पहल की है। शहर को स्वच्छ रखने और धार्मिक सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के लिए ‘पूजा स्पेशल’ वाहनों को रवाना किया गया।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी और स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस अभियान में छह से अधिक विशेष वाहनों को लगाया गया है।
गुड्डू चंद्रवंशी ने बताया कि ये वाहन शहर के सभी 39 वार्डों में घर-घर जाकर पूजन सामग्री एकत्र करेंगे। साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों से भी फूल-माला व अन्य अवशेष इकट्ठा किए जाएंगे। अक्सर लोग पूजन सामग्री को सड़क किनारे या कूड़े में फेंक देते हैं, जिससे आस्था का अपमान और गंदगी फैलती है।
इस पहल से पूजा अवशेषों का व्यवस्थित संग्रह होगा और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी कम होगी। नगर परिषद का यह कदम धार्मिक पवित्रता और स्वच्छता को जोड़ने वाला माना जा रहा है।




