डेहरी-ऑन-सोन, रोहतास/Etv News 24
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य पार्षद शशि कुमारी के निर्देश पर वार्ड संख्या 30 में मेन रोड थाना चौक से जय हिंद होते हुए मोहनी गैस एजेंसी तक पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह राजद के पूर्व प्रत्याशी गुड्डू चंद्रवंशी ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।इस मौके पर गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि नगर का समग्र विकास नगरवासियों के सहयोग से ही संभव है। जनसेवा, जनता का सम्मान, बेहतर नागरिक सुविधाएं और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और आवागमन को सुगम बनाना है।वहीं, वार्ड पार्षद योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्य पार्षद शशि कुमारी के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है। पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय दुकानदारों में खुशी है।




