दिल्ली में पहली बार आयोजित महोत्सव में शाहाबाद के लोगों की व्यापक भागीदारी, विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प दिखा
सरफराज अहमद
डेहरी ओन सोन, रोहतास/Etv News 24
दिल्ली में पहली बार आयोजित शाहाबाद महोत्सव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि महोत्सव में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से स्पष्ट है कि अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ी है। लोग न केवल अपनी कला और संस्कृति को संरक्षित करने, बल्कि उसे वैश्विक पहचान दिलाने के प्रति भी संवेदनशील हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महोत्सव में शाहाबाद क्षेत्र से सैकड़ों लोग अपने खर्च पर दिल्ली पहुंचे और पांच घंटे से अधिक समय तक चले कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ शामिल रहे। यह इस बात का प्रमाण है कि लोग अब अपनी सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को लेकर गंभीर हो रहे हैं।

अखिलेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, सांसद उपेंद्र कुशवाहा, अश्विनी चौबे, श्रीभगवान कुशवाहा, डॉ. रश्मि सिंह (आईएएस), विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह, प्रकाश चंद्रा, महेश पासवान, पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, विजय कुमार मंडल, सांसद सुधाकर सिंह, पुलिस मेंस यूनियन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह तथा थल सेना के पूर्व उपाध्यक्ष जनरल एसके सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र में सड़क, नाली, गली, चिकित्सा और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर ही अधिक चर्चा होती थी। लेकिन शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति ने वर्ष 2019 से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक अभियान शुरू किया। धीरे-धीरे इस अभियान से लोगों का जुड़ाव बढ़ा और आज लोग अपनी जेब से हजारों रुपये खर्च कर दिल्ली पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महोत्सव की सबसे खास बात यह रही कि राजनीति, प्रशासन, साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता और कला जगत के प्रतिष्ठित लोगों के साथ पंचायत एवं वार्ड स्तर के आम लोगों ने भी इसमें भागीदारी निभाई। रोहतास, भोजपुर, बक्सर और कैमूर जिलों के लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।

अखिलेश कुमार ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए सभी मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि शाहाबाद प्रक्षेत्र से करीब एक हजार किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले मंगलवार को पहली बार शाहाबाद महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें शाहाबाद क्षेत्र की पारंपरिक कला, संस्कृति और गौरवशाली विरासत की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई।




