440 निजी सुरक्षा कर्मियों से जमा कराया जा रहा मोबाइल, आपात स्थिति में संपर्क की वैकल्पिक व्यवस्था
परिजनों को दिया गया सेवा केंद्र का आधिकारिक नंबर, नए सीईओ ने लागू की नई व्यवस्था
अयोध्या उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। इसके तहत मंदिर परिसर में तैनात करीब 440 निजी सुरक्षा कर्मियों के मोबाइल फोन ड्यूटी शुरू होने से पहले जमा कराए जा रहे हैं। नई व्यवस्था राम मंदिर के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की ओर से लागू की गई है।
सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन अपने पास रखने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक से सुरक्षा कर्मियों का ध्यान पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था पर केंद्रित रहेगा। साथ ही संवेदनशील परिसर में मोबाइल के अनधिकृत इस्तेमाल की आशंका भी कम होगी।
हालांकि, मोबाइल जमा कराने की व्यवस्था के साथ सुरक्षा कर्मियों के परिजनों की आपातकालीन जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। किसी आकस्मिक स्थिति में परिवार के सदस्य सुरक्षा कर्मियों से संपर्क कर सकें, इसके लिए उन्हें सेवा केंद्र का आधिकारिक नंबर उपलब्ध कराया गया है। इस नंबर के माध्यम से जरूरत पड़ने पर संबंधित सुरक्षा कर्मी तक सूचना पहुंचाई जा सकेगी।
नई व्यवस्था के तहत सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन से दूर रहना होगा। इससे मंदिर की सुरक्षा में तैनात कर्मियों की जवाबदेही और सतर्कता बढ़ाने के साथ परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है।




