सरकारी कार्यालयों से शिक्षण संस्थानों तक फहराया गया तिरंगा, महापुरुषों को किया नमन
प्रभात फेरी से स्वच्छता अभियान तक, बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को अयोध्या में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों, न्यायालयों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन, तहसील मुख्यालयों और विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में विभागाध्यक्षों ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों और लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन तथा राष्ट्रसेवा को याद किया। वक्ताओं ने शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
जिले के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी गांधी-शास्त्री जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकाली। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान, भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालयों में बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दोनों महापुरुषों के विचारों को जीवंत किया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान की जानकारी दी। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर जिलेभर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। नगर निगम, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।




