दो दिन में दुरुस्त होंगी स्ट्रीट लाइटें, पंडालों के आसपास दो पालियों में होगी सफाई
17 अक्टूबर से शाहगंज पुलिस चौकी के पास संचालित होगा कंट्रोल रूम, शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
नवरात्रि एवं दुर्गापूजा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद सुलतानपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर को पालिका सभाकक्ष में पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें मार्ग प्रकाश, सफाई और जलकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेले के दौरान बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रकाश व्यवस्था से जुड़े शेष कार्य दो दिन के भीतर पूरे कर लिए जाएं, ताकि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान परेशानी न हो।

बैठक में पालिकाध्यक्ष ने बताया कि गोलाघाट पुल, गभड़िया ओवरब्रिज और प्रयागराज-दरियापुर ओवरब्रिज पर बिजली के खंभों की पेंटिंग कराने के साथ नई एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। नगर के प्रमुख मार्गों की प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त कराई गई है, जबकि हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत का काम जारी है। मार्ग प्रकाश विभाग को निर्देश दिया गया कि शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कर लिया जाए।
पंडालों के आसपास दो पालियों में होगी सफाई
दुर्गापूजा पंडालों और मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पंडालों के आसपास दोनों पालियों में सफाई कराने, चूने का छिड़काव करने, रामलीला जुलूस मार्ग को साफ रखने और नियमित फॉगिंग कराने को कहा गया। मेले के दौरान लगने वाले भंडारों से निकलने वाले दोना-पत्तल और अन्य कचरे के तत्काल निस्तारण के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है।

जलकल विभाग को भंडारों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। विभाग की ओर से पूजा पंडालों और मेला क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज ठीक कराने तथा हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य पूरा करा लिया गया है। इसके अलावा विसर्जन मार्ग पर गड्ढों की पैचिंग भी कराई गई है, जिससे श्रद्धालुओं और प्रतिमा विसर्जन के लिए निकलने वाले जुलूसों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।
17 अक्टूबर से शुरू होगा कंट्रोल रूम
मेले के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पालिका की ओर से शाहगंज पुलिस चौकी के निकट 17 अक्टूबर 2026 से कंट्रोल रूम एवं कैंप कार्यालय संचालित किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरे मेला अवधि में सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि मेले से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर कंट्रोल रूम में सूचना दें, ताकि उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा सके।
नगर पालिका का उद्देश्य मेले के दौरान सफाई, प्रकाश और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित बनाए रखना है।
बैठक में प्रभारी कार्यालय अधीक्षक पुनीत कुमार गुप्ता, प्रभारी सफाई हनुमान सिंह, सुनील कुमार पाल, अवर अभियंता (जल) प्रवीण सिंह, राजस्व निरीक्षक, मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय तिवारी, स्टोर इंचार्ज सुनील कुमार श्रीवास्तव सहित सफाई नायक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




