प्रियांशु कुमार समस्तीपुर बिहार/Etv News 24
समस्तीपुर जिले ने इस बार सरकारी राजस्व संग्रहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के निबंधन कार्यालयों ने न केवल अपना निर्धारित वार्षिक लक्ष्य पूरा किया, बल्कि उसे पार करते हुए नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान समस्तीपुर जिला निबंधन कार्यालय (Samastipur District Registration Office) द्वारा कुल 77,908 दस्तावेजों की रजिस्ट्री की गई, जिससे सरकार को 277.94 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जबकि इस वर्ष का निर्धारित लक्ष्य 251.95 करोड़ रुपये था। इस तरह जिले ने 110.32 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर पूरे बिहार में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।जिला सब रजिस्ट्रार अमित कुमार मंडल के अनुसार, समस्तीपुर मुख्य निबंधन कार्यालय से सर्वाधिक 103.06 करोड़ रुपये की आय हुई। इसके अलावा किशनपुर कार्यालय से 39.36 करोड़, रोसड़ा से 66.33 करोड़, दलसिंहसराय से 42.11 करोड़ और शाहपुर पटोरी से 23.18 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।उन्होंने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार 19,311 अधिक दस्तावेजों की रजिस्ट्री की गई, जो यह दर्शाता है कि संपत्ति की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री की प्रक्रिया में भी बढ़ोतरी हुई है। प्रति दस्तावेज औसतन 1006.82 रुपये की आय दर्ज की गई, जो प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को भी दर्शाती है।



