तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले के इंद्रपुरी क्षेत्र के सोमवार से लापता 09 वर्षीय मासूम आदित्य कुमार का शव मंगलवार सुबह हाइडल नहर से बरामद होने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के पटनवा खुर्द गांव निवासी शशि कुमार सिंह के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। आदित्य अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसके पिता वन विभाग में कार्यरत हैं।परिजनों के अनुसार, सोमवार को आदित्य घर से बाहर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद इंद्रपुरी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी थी। मंगलवार सुबह डेहरी नगर थाना क्षेत्र स्थित हाइडल नहर में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आदित्य के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही डेहरी नगर थानाध्यक्ष राहुल कुमार एवं इंद्रपुरी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।



