तिलौथू रोहतास/ Etv News 24
रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड अंतर्गत सरैया गांव में सामाजिक संस्था ‘पैरवी’ के बैनर तले एक सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने भाग लिया। भीषण धूप और तेज गर्मी के बावजूद लोगों, विशेषकर महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रही। इस सभा के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध एवं वरिष्ट चिकित्सक डॉ. निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि वे हम पैरवी के कई कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पैरवी पिछले दो वर्षों से जेल में बंद जरूरतमंद लोगों तथा विधि के जोखिम में फंसे बच्चों को निःशुल्क जमानत दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। समाज के कमजोर वर्गों के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत सराहनीय है।विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक गुलाम सरवर ने कहा कि गांव में पैरवी जैसी संस्था द्वारा लोगों को जागरूक करना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने बच्चों को हिंसा, शोषण और यातना से सुरक्षित रखने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पंचायत के मुखिया संजय चौधरी ने गांव की बाल संरक्षण समिति को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय जाना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी बच्चे से बाल श्रम न कराया जाए।कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु अमित गुप्ता ने किया। उन्होंने पंचायत एवं गांव के बच्चों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।मानवाधिकार कार्यकर्ता संतोष उपाध्याय ने सरकार की परवरिश एवं स्पॉन्सरशिप योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पात्र बच्चों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सुरक्षित एवं सम्मानजनक बचपन की जिम्मेदारी पूरे समाज की है।जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी विनोद कुमार ने युवाओं को रोजगारपरक बनने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं परिवर्तन विकास संस्था की ऊषा सिंह ने महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने तथा निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर अपने विचार रखे।बैठक में अरुण उपाध्याय, तारिक अनवर, जुगनू जी, मदन कुमार, सत्यम कुमार, कई वार्ड सदस्य, जीविका समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं तथा अल्पसंख्यक वर्ग की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।अंत में पैरवी की ओर से सभी अतिथियों एवं सहयोगियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।



