पांच राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव आयोग ने जारी किए निर्देश
राजनीतिक गतिविधियों और चुनाव प्रचार से रहना होगा दूर, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नई दिल्ली/Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के अनुसार चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चुनावी ड्यूटी में तैनात सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी सरकारी कर्मचारियों की तरह आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा। इस संबंध में पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के मुख्य सचिवों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) को निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक, चुनावी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता और तटस्थता बनाए रखनी होगी। उन्हें किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने, राजनीतिक दलों के पक्ष में प्रचार करने अथवा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले कार्यों से दूर रहना होगा।
सूत्रों आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावी ड्यूटी के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए भी वही आचरण संबंधी प्रतिबंध प्रभावी होंगे, जो सरकारी कर्मचारियों पर लागू होते हैं। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के पक्षपात, राजनीतिक हस्तक्षेप और अनुचित प्रभाव की आशंका को समाप्त करना है।
निर्देशों में नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेने की चेतावनी भी दी गई है। आयोग ने संबंधित राज्यों के अधिकारियों को इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। माना जा रहा है कि इस कदम से चुनावी व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ेगी और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने में मदद मिलेगी।




