कहा- मासूम बच्चे, बुजुर्ग और मरीज जहरीली हवा से जूझ रहे, सरकार जमीनी हकीकत स्वीकार करे
भाजपा की राजनीति छलावे पर टिकी
जनता को राहत देने के बजाय प्रचार में जुटी है केंद्र सरकार
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली और एनसीआर में बढ़ते जानलेवा वायु प्रदूषण को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार झूठे आंकड़ों और प्रचार के सहारे प्रदूषण की गंभीर समस्या को छिपाने का प्रयास कर रही है, जबकि आम जनता जहरीली हवा के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इसकी सबसे अधिक मार मासूम बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण की भयावहता का अंदाजा कागजी रिपोर्टों से नहीं, बल्कि उन परिवारों से लगाया जाना चाहिए, जिनके बच्चे और बुजुर्ग सांस संबंधी समस्याओं के चलते अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब लोग स्वच्छ हवा के अभाव में एक-एक सांस के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब सरकार को आंकड़ों और प्रचार के बजाय समस्या के ठोस समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर जनता की वास्तविक परेशानियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि भाजपा की राजनीति केवल छलावे पर आधारित है।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, “भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।” उन्होंने प्रदूषण के मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।




