पार्किंग-अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था सुधारने पर बनी रणनीति
व्यापारियों की समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सुलतानपुर जनपद के व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर बाजारों में सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, बाजारों में भीड़ के दौरान यातायात संचालन, वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण से होने वाली दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस गश्त तथा आपसी समन्वय बढ़ाने का भी सुझाव दिया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। बाजारों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाएगा।
एसपी ने व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी समस्या या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर समेत पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी और विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।




